श्रावस्ती। इकौना थाने का रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके द्वारा अपराध समीक्षा भी की गई। समीक्षा के दौरान 37 विवेचनाएं लंबित मिली। जिस पर नाराजगी जताते हुए एएसपी ने दो विवेचकों से स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके साथ ही विवेचकों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को दूर करने का थानाध्यक्ष को निर्देश दिया।
इकौना थाने का अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, आगंतुक कक्ष, हवालात, मालखाना, बैरक, शस्त्रागार, भोजनालय, थाना कार्यालय का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शस्त्रों का रखरखाव व परिसर की साफ सफाई का निर्देश दिया। इसके बाद उनके द्वारा थाने पर तैनात विवेचकों के साथ बैठक कर लंबित अहकमात की समीक्षा की। उन्हें 37 विवेचनाएं लंबित मिली।
जिस पर नाराजगी जताते हुए एएसपी ने दो विवेचकों से स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने शिथिलता बरतने वाले विवेचकों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दिया। विवेचनाओं व शिकायती पत्रों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटारा करने को कहा। वहीं वांछित, वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस दौरान एएसपी ने कहा कि कोरोना महामारी को देखते हुए सभी लोग अपने आप को सुरक्षित रखें तथा नियमों का पालन करें। कोरोना वायरस से सुरक्षा एवं बचाव के दृष्टिगत सामाजिक दूरी का पालन करने का निर्देश दिया। कहा कि जब क्षेत्र में निकले तो लोगों को इस बीमारी के बारे में जागरूक करें।