श्रावस्ती। देवीपाटन मंडल गोंडा को परिवहन निगम ने 12 नई बसें दी हैं। इसे मंडल के जिलों में भेजा जाएगा। इसके बावजूद जिले के हिस्से में न तो बस आई और न ही बसों का फेरा बढ़ाया गया है। ऐसे में जिलेवासी आवागमन के संसाधनों की दुश्वारी झेलने को विवश हैं।
भिनगा में अपनी भूमि होने के बावजूद परिवहन निगम जिला गठन के 28 वर्ष बाद भी डिपो नहीं बनवा पाया है। वहीं बलरामपुर में न सिर्फ डिपो है बल्कि वहां एक के बाद एक नई बसें भेजी जा रही हैं। इससे मंडल मुख्यालय गोंडा व पड़ोसी जिला बहराइच भी अछूता नहीं है। एक तरफ जहां बहराइच को तीन तो रुपईडीहा को एक बस दी गई है। वहीं गोंडा को छह व बलरामपुर को दो बसें मिली हैं।
जबकि जिले को नई बस मिलना तो दूर बसों का फेरा भी नहीं बढ़ाया गया है। ऐसे में जिलेवासी डग्गामार वाहनों के सहारे यात्रा करने को मजबूर हैं। ऐसा नहीं है कि यह मामला मुख्यमंत्री दरबार तक नहीं पहुंचा। मौजूदा व पूर्व मुख्यमंत्री के आश्वासन व घोषणा के बाद भी भिनगा में न तो डिपो बन पाया और न ही बसों की संख्या बढ़ी। इसे लेकर जिलेवासी खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।