फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस अड्डे बदहाल, यात्रियों को हो रहीं दिक्कतें

विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय बस अड्डे के लिए चयनित की गई भूमि। - फोटो : SRAWASTI
विज्ञापन
श्रावस्ती। इंडोनेपाल सीमा से सटे श्रावस्ती जिले में आवागमन के बेहतर संसाधनों का टोटा है। जरा सी देर होने पर लोग गंतव्य तक पहुंचने से वंचित हो रहे हैं। भिनगा में भूमि अधिग्रहण के बाद भी परिवहन निगम डिपो की स्थापना न करा कर यहां बस अड्डा स्थापित कर अधूरा छोड़ दिया गया है। वहीं बौद्ध परिपथ किनारे गिलौला व इकौना में बने बस अड्डे भी उपेक्षा का शिकार हैं। जिस पर अतिक्रमण किया जा चुका है।
विज्ञापन

भिनगा में अधिग्रहीत भूमि पर फसल लहलहा रही है। जबकि इकौना में बना बस अड्डा जुए का अड्डा बन चुका है। जहां पूरे दिन शराबियों व जुआरियों का जमावड़ा बना रहता है।
वहीं गिलौला में बस अड्डे का उपयोग कूड़ा फेंकने व डग्गामार वाहनों के संचालन के लिए हो रहा है। ऐसे में निगम की बसों का संचालन मार्ग की पटरियों के सहारे कराया जा रहा है। इससे दैनिक यात्रियों को प्रत्येक मौसम में सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है।
विज्ञापन

वहीं इसके विपरीत बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती से सटे कटरा बाजार के निकट बाईपास स्थित एक भूमि का चयन कर उस पर अंतर्राष्ट्रीय बस अड्डा बनाने की तैयारी की जा रही है। चयनित भूमि का अधिग्रहण करने के लिए तहसील प्रशासन द्वारा औपचारिकताएं पूरी की जा रही है।
इकौना बस अड्डा शराबियों-जुआरियों का अड्डा
इकौना कस्बे में थाने से चंद कदमों की दूरी पर परिवहन निगम का बस अड्डा है। जिसमें बसें नहीं जाती। चालक मार्ग किनारे ही बस खड़ी कर यात्रियों को बैठा व उतार रहे हैं। जिससे यहां अक्सर जाम की समस्या रहती है। वहीं खाली पड़ा बस अड्डा परिसर डग्गामार वाहनों के कब्जे में है। परिसर में बना टिकट काउंटर अब खंडहर हो रहा है। जो शराबियों व जुआरियों का अड्डा बना हुआ है। इकौना से बहराइच, बलरामपुर सहित महानगरों के लिए बसों का संचालन किया जाता है। शाम 6 बजे के बाद इकौना से कहीं जाने के लिए कोई बस नहीं है। ऐसे में लोगों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
गिलौला बस अड्डा बन गया टैक्सी स्टैंड
बौद्ध परिपथ के किनारे स्थित गिलौला कस्बे में वर्षों पूर्व बस अड्डे का निर्माण किया गया था। जहां से बसों का संचालन न होने के कारण इस पर टैक्सी स्टैंड बना लिया गया। वहीं लोगों को आवागमन के लिए मार्ग किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। भिनगा से बलरामपुर व बहराइच बलरामपुर मार्ग पर चलने वाली बसें कभी बस अड्डे के अंदर नहीं जाती हैं। क्षेत्रवासियों द्वारा कई बार इसकी लिखित व मौखिक शिकायत भी की गई। लेकिन हर बार लोगों को आश्वासन की घुट्टी पिला कर शांत करा दिया गया। यहां खाली पड़े परिसर का उपयोग स्थानीय लोगों द्वारा कूड़ा घर के रूप में किया जा रहा है।
भिनगा बस अड्डे की जमीन पर हो रही खेती
फोरलेन पर निर्माणाधीन दीवानी न्यायालय के सामने परिवहन निगम डिपो स्थापना के लिए पांच एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर कब्जा लिया गया था। जिस पर मात्र बस अड्डा ही स्थापित किया गया। जबकि डिपो सहित वर्कशॉप आदि के लिए अधिग्रहित भूमि पर विभागीय लोगों की मिलीभगत से कब्जा कर खेती की जा रही है। जिस पर मौजूदा समय में फसल लहलहा रही है। इसकी शिकायत भी कुछ ग्रामीणों द्वारा आरएम व एआरएम से की गई। लेकिन कार्रवाई के नाम पर लीपापोती कर दी गई।
अंतरराष्ट्रीय बस अड्डे के लिए भूमि अधिग्रहण की तैयारी
बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती आने वाले पर्यटकों व अनुयायियों को देश के विभिन्न प्रांतों से सीधी बस सेवा दिलाने के लिए कटरा व तपोस्थली के मध्य बाईपास के निकट अंतर्राष्ट्रीय बस अड्डा का निर्माण किया जाना है। इसके लिए उपजिलाधिकारी द्वारा भूमि अधिग्रहण के लिए मौका मुआयना के साथ दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया जा चुका है। चयनित भूमि को अधिग्रहण करने के लिए उनके द्वारा किसानों से वार्ता भी की जा चुकी है। श्रावस्ती में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के बस अड्डे के निर्माण के लिए ढाई एकड़ भूमि का अधिग्रहण की तैयारी है। जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है।
वर्जन
भिनगा में परिवहन निगम डिपो स्थापना व इकौना तथा गिलौला में बस अड्डे के उच्चीकरण के लिए प्रक्रिया गतिमान है। शासन की स्वीकृति व पैसा मिलते ही उच्चीकरण व निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।
-प्रभाकर मिश्रा, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन विभाग, गोंडा

गिलौला में मुख्य मार्ग पर खड़ी बस व बस अड्डा बना अवैध टैक्सी स्टैंड।- फोटो : SRAWASTI

भिनगा का बस अड्डा पड़ा बदहाल।- फोटो : SRAWASTI

भिनगा में बस अड्डे की भूमि पर लहलहा रही फसल।- फोटो : SRAWASTI

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें