श्रावस्ती। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीज व मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। भिनगा नगर निवासी एक सराफा व्यवसायी की कोरोना संक्रमण के चलते सोमवार देर रात लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई। वहीं मंगलवार को आई रिपोर्ट में इकौना व सिरसिया में छह स्वास्थ्य कर्मियों सहित 21 लोग संक्रमित मिले। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही जिले में छह लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ भी हुए हैं।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भिनगा नगर निवासी कोरोना संक्रमित एक सराफा व्यवसायी का बहराइच में इलाज चल रहा था। जहां से हालत गंभीर होने के कारण सोमवार देर रात उसे लखनऊ रेफर किया गया था। जिसकी रास्ते में मौत हो गई। वहीं मंगलवार आई रिपोर्ट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में दो व सिरसिया में चार स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित मिले।
इसके साथ ही गिलौला के मोहम्मदअली पुरवा में एक, इकौना के जयचंदपुर कटघरा में एक, इकौना देहात में एक, तिलकनगर में दो व सिरसिया बाजार में एक, भिनगा के शिवाजीपुरम में दो, सत्ती चौरा में सात व हरिहरपुररानी के शुकुलपुरवा में एक कोरोना संक्रमित मिला। इन सभी संक्रमितों को होम क्वारंटीन किया गया है।
वहीं संक्रमित क्षेत्र के 200 मीटर परिधि में आने वाले क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने लोगों से अनावश्यक घर से बाहर न निकलने, मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करने तथा सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील की है।
इसके साथ ही छह लोग स्वस्थ भी हुए हैं। इनमें इकौना के चौबेजोत के दो, गिलौला बाजार के दो व भिनगा के मोहल्ला हनुमानगढ़ी के दो लोग शामिल हैं। सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने कहा कि कोरोना का कोई स्थायी इलाज नहीं है। एहतियात बरत कर ही इसके संक्रमण से बचा जा सकता है। ऐसे में जिलेवासियों से अपील है कि वह कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से अनुपालन करें।
अब तक मिले 772 कोरोना संक्रमित
श्रावस्ती। जिले में अब तक 24557 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। इनमें से 24513 लोगों की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। जिनमें 772 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 12 लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत भी हुई है। जिन स्थानों पर संक्रमित मिले हैं वहां पर कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। जिले में अब तक कुल 179 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं, इनमें 99 जोन अब भी सक्रिय हैं। जिनमें कौना में 18, गिलौला में 19, भंगहा में 15, जमुनहा में 10, सिरसिया में 14 व भिनगा में 23 कंटेनमेंट जोन सक्रिय हैं।