कटरा (श्रावस्ती)। बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती मंगलवार को अनुयायियों से गुलजार रही। विभिन्न देशों से आए अनुयायियों ने बौद्ध भिक्षु यू ग्रेफ सुनैना गंध कुटि पर विशेष प्रार्थना किया। प्रार्थना के बाद अनुयायियों ने तपोस्थली का भ्रमण कर ऐतिहासिक जानकारी प्राप्त की।
बुद्धपथ / सिद्धार्थ इंटरनेशनल दिल्ली की ओर से संचालित ट्रिपल संघ (यूएसए, कनाडा, कोस्टारिका) के अनुयायी मंगलवार को जेन शिक्षक ग्रेफ सुनैना के नेतृत्व में श्रावस्ती पहुंचे। दल के सदस्यों ने जेतवन स्थित पौराणिक स्थल गंध कुटी पर अपने रीति-रिवाज से प्रार्थना की। इस दौरान कई अनुयायियों ने ध्यान साधना भी की। पूजन के दौरान बौद्ध भिक्षु यू ग्रेफ सुनैना ने कहा कि बौद्ध अनुयायियों के लिए श्रावस्ती एक पवित्र तीर्थ स्थल है। यहां का कण-कण पूजनीय है। यहां की धरती स्वच्छ एवं पवित्र है। पूजन के दौरान अनुयायियों ने सभी स्तूपों की परिक्रमा कर प्रार्थना की। इस दौरान उनकी ओर से बुद्धम शरणम गच्छामि, संघम शरणम गच्छामि, धम्मम शरणम गच्छामि का उद्घोष किया जा रहा था। अनुयायियों ने आनंद बोधि, शिवली स्तूप, कौशांबी कुटी, सूर्य कुंड, सभा मंडप, आनंद कुटी, राहुल कुटी व संघा राम बुद्ध विहार का भ्रमण कर ऐतिहासिक जानकारी ली। इस दौरान संजय कुमार सिंह, अमित श्रीवास्तव व जगदीश चमोला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।