श्रावस्ती में ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बालक को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसका दम निकल गया। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। आरोपी चालक को हिरासत में लिया गया है।
यूपी के श्रावस्ती में बुधवार शाम ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने घर के बाहर खेल रहे छह वर्षीय बालक को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने आरोपी चालक को दौड़ाकर पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया है।
विज्ञापन
हादसा इकौना थाना क्षेत्र में भिनगा मार्ग स्थित अंधारपुरवा के मजरे बीडीसीपुरवा में हुआ। यहां का रहने वाला सचिन (06) शाम को घर के पास दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी समय इकौना की ओर से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद गाड़ी लेकर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि, ट्रैक्टर चालक नशे में तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया है। ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है। थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।