बरावां हरगुन गांव में घटना के बाद जुटी भीड़ व मौजूद पुलिस। - संवाद
तुलसीपुर। सोनवा क्षेत्र के बरावां हरगुन निवासी महिला का शव शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में उनके घर में फंदे से लटका मिला। शव देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या का कारण पारिवारिक कलह बताई जा रही है।
मल्हीपुर क्षेत्र के बाबूपुरवा निवासी इंद्रशेन चौहान ने अपनी बेटी सुषमा (25) का विवाह चार वर्ष पहले सोनवा क्षेत्र के बरावां हरगुन निवासी अंकित कुमार के साथ किया था। सुषमा की आठ साल की बेटी भी है। ग्रामीणों ने बताया कि सुषमा का ससुरालीजनों के साथ आए दिन विवाद होता रहता था। सुषमा घरेलू कलह से परेशान थी।
शुक्रवार रात भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार सुबह जब अंकित की नींद खुली तो उसने कमरे में सुषमा का शव छत के कुंडे से गमछे के सहारे लटका देखा। सुषमा के पिता इंद्रसेन चौहान की सूचना पर सोनवा थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
नायब तहसीलदार अंबरीष कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच की। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।