तुलसीपुर। सोनवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भिठिया के मजरा चिचड़ी निवासी अमित कुमार (18) को घर लौटते समय बुधवार देर शाम तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अमित को परिजनों ने मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया। वहां से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि अमित कुमार बुधवार को किसी काम से तुलसीपुर बाजार गए थे। वहां से देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे। जमुनहा-बहराइच मार्ग पर चंदरखाबुजुर्ग के पास उनकी बाइक में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक भाग गया।
राहगीरों की सूचना पर आई पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अमित को निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज बहराइच भेजवाया। वहां उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में अमित की मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार कर दिया।