श्रावस्ती। भिनगा जंगल स्थित अंटा तिराहे के निकट शनिवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में भिनगा से मजदूरी कर बदलपुर जुड़पनिया वापस घर लौट रहे दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना के बाद जहां अस्पताल में परिवारीजनों की भीड़ जमा हो गई वहीं गांव में मातम छा गया।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बदलपुर जुड़पनिया निवासी मोहम्मद जाकिर के दो पुत्र मोहम्मद फय्याज (35) व रमजान (22) बढ़ईगीरी करते थे। दोनों भाई शनिवार की शाम भिनगा में काम कर मोटर साइकिल से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही मोहम्मद फय्याज मोटर साइकिल लेकर भिनगा सिरसिया मार्ग स्थित जंगल के अंटा तिराहे के निकट पहुंचा तभी आगे ईंट लाद कर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवर टेक करने के प्रयास में वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
इससे बाइक अनियंत्रित हो ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर तेज होने के कारण दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना के करीब आधे घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस से दोनों भाइयों को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने लाश का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना के बाद गांव में मातम छा गया।
दो सगी बहनों का छिना सुहाग
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बदलपुर जुड़पनिया निवासी मोहम्मद फय्याज का निकाह थाना क्षेत्र के बगही निवासी राजिया बेगम से हुआ था। उसके छह बच्चे हैं। इनमें पुत्री राबिया (16), आलिया (14), गौसिया (4), पुत्र गुलाम हुसैन (12), सय्यद अली (10) व गुलाम मुस्तफा (1) है। एक वर्ष पूर्व राजिया बेगम ने अपनी छोटी बहन साफिया का निकाह अपने देवर रमजान से कराया था। दोनों सगी बहने यहां देवरानी जेठानी थी। इस नाते दोनों सगे भाइयों मोहम्मद फय्याज व रमजान में भी काफी पटती थी। दोनों भाई एक साथ काम कर परिवार को जीविकोपार्जन कर रहे थे। शनिवार को घटी घटना में जहां परिवार ने दो बेटों को खोया, वहीं दो बहनों का सुहाग भी छिन गया। छह बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठ गया। दो युवा बेटों की मौत से परिवारीजनों सहित पूरे गांव में मातम छा गया है। घटना की जानकारी के बाद गांव पहुंच कर लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।