श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव के लिए गठित पोलिंग पार्टियों का दूसरा प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हुआ। इसमें शामिल कार्मिकों को निष्पक्ष मतदान के तौर तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि बूथ में मतदान से 90 मिनट पहले मॉकपोल कराया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में मौजूद कार्मिकों को ईवीएम व वीवी पैट का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिलाने के साथ ही उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।
इस मौके पर सीडीओ ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि यदि कोई एजेंट नहीं आता है तो मॉकपोल के लिए उसका सिर्फ 15 मिनट तक ही इंतजार करने के बाद कम से कम 50 माकपोल एजेंट के माध्यम से कराया जाए। इस दौरान हर पार्टी का वोट डाला जाए। इसमें नोटा भी शामिल हो। माकपोल का प्रमाण पत्र एजेंट की उपस्थित में भर दिया जाए। वीवीपैट को भी दो एड्रेस टैग के साथ सील कर सभी हस्ताक्षर बनाए जाए। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान फोटोयुक्त पहचान पत्र के तहत वोटर आईडी के साथ ही 12 अन्य पहचान पत्रों को अनुमन्य किया गया है। यदि मतदान के दौरान मशीन में कोई खराबी आती है तो इसकी सूचना तत्काल सेक्टर आफीसर को देना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान पोलिंग पार्टी में शामिल पीठासीन अधिकारी मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय के साथ ही संबंधित विधान सभा क्षेत्र से जुड़े आरओ व अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।