श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम मनोज कुमार राय की अध्यक्षता में जिलास्तरीय उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने बैंकों को ऋण स्वीकृति की गति बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में 59 का भौतिक लक्ष्य निर्धारित है। इसके सापेक्ष 11 आवेदन पत्रों पर बैंक से ऋण का वितरण किया गया है। वहीं, एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत तीन का भौतिक लक्ष्य निर्धारित है। इसके सापेक्ष 43 आवेदन पत्र भेजे गए, जिनमें से पांच स्वीकृत हुए और छह पर ऋण वितरण की कार्यवाही हुई।
डीएम ने कहा कि शासन की ओर से उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ऐसे में पात्र उद्यमियों को समय से ऋण उपलब्ध कराया जाए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद एक उत्पाद योजना की जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाएं, ताकि वे अपना उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें।
बैठक में एडीएम ललित कुमार, एसडीएम दीक्षा अग्रवाल, उपायुक्त उद्योग और उपायुक्त एनआरएलएम संदीप कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।