श्रावस्ती। तीन दिन की बंदी के बाद सोमवार को बैंक खुले तो लेनदेन के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ऐसे में जहां बैंक कर्मियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ी, वहीं बैंकों में जुटने वाली भीड़ को काबू में रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सहालग के मौसम में बैंक हड़ताल व एटीएम खाली होने से लोग पैसों के लिए काफी परेशान रहे।
जिले की सभी बैंक शाखाओं में शुक्रवार व शनिवार को हड़ताल के कारण ताला बंदी रही। वहीं रविवार को अवकाश होने के कारण बैंक बंद रहे। शुक्रवार से ही जिले के सभी एटीएम खाली हो गए थे। मौजूदा समय सहालग का दौर होने के कारण हिंदू व मुसलिम दोनों ही समुदाय के लोगों को दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति व मांगलिक आयोजनों को संपन्न कराने के लिए रकम की दरकार थी। ऐसे में लोग पैसे के लिए काफी परेशान रहे।
वहीं भवन निर्माण सहित अन्य जरूरतों के लिए भी लोग रकम की तलाश में भटकते रहे जिनकी समस्या का समाधान होता नहीं दिख रहा था। ऐसे में सोमवार को चौथे दिन बैंकों के ताले खुले तो लोग बैंकों में उमड़ पड़े। हर कोई जल्द से जल्द पैसा निकालने के लिए दूसरों की परवाह किए बिना कतार में आगे खड़ा होने के लिए आतुर रहा। ऐसे में जहां बैंक कर्मियों को लेनदेन करने में असुविधा हो रही थी वहीं लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न होती नजर आई।
बैंक की सुरक्षा में तैनात कर्मियों के समझाने के बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं हो रहे थे। ऐसे में पुलिस कर्मियों ने लोगों को कतारबद्ध कराया। भीड़ के कारण बैंक के अंदर ही नहीं बाहर तक लोग कतारबद्ध नजर आए। यही स्थिति एटीएम बूथों की भी रही। जिले के लगभग सभी एटीएम बूथों में लोगों की भीड़ देखने को मिली।