श्रावस्ती। भिनगा स्थित स्टेडियम में तरणताल बनवाने के लिए दस वर्षों से जिला योजना की बैठक में मंजूरी मिल रही है। विडंबना यह है कि बजट न मिलने की वजह से आज तक तरणताल नहीं बन सका है। राप्ती हो या फिर सरयू नहर हर जगह खुद के प्रयास से तैरने की कोशिश करने वाले युवा आसानी से दिख जाएंगे। तमाम तरह के करतब भी दिखाते हैं। जिले की ऐसी ही प्रतिभाओं को तराशने के लिए 2012-13 में सबसे पहले स्टेडियम के अंदर तरणताल बनवाने की योजना प्रशासन ने बनाई थी। प्रशासन का मानना था कि यदि यहां के युवाओं को तैराकी की तकनीक व उचित माहौल मिले तो जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकते हैं। इस मुद्दे को 2012-13 में होने वाली जिला योजना की बैठक में प्रमुखता से उठाया गया था। तरण ताल बनवाने का अनुमोदन भी दे दिया गया था, लेकिन शासन से इस योजना को पैसा नहीं मिला।
इसी के बाद वित्तीय वर्ष 13-14, 14-15, 15-16 व 16-17 से अब तक लगातार तरणताल बनवाने की कार्ययोजना जिला योजना समिति के समक्ष प्रस्तुत होती रही। हर बार तरणताल बनवाने की मंजूरी भी मिलती रही, लेकिन पैसा नहीं मिला। इस वर्ष भी जिला योजना की बैठक में तरणताल बनवाने की योजना को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। देखना यह है कि सरकार इसके लिए बजट देती है या नहीं। इस बारे में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र बताते हैं कि प्रयास रहेगा कि इस वर्ष की जिला योजना में अनुमोदित परियोजनाओं को हर हाल में बजट आवंटित हो।