इकौना (श्रावस्ती)। इकौना थाने का बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण व अपराध समीक्षा की। इस दौरान इकौना थाने में लंबित मिली विवेचनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने थानों का निरीक्षण भी किया। थानों के निरीक्षण में मिली खामियों को दुरुस्त करने का दिया निर्देश।
अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी बुधवार को इकौना थाने पहुंचे। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने विवेचकों के साथ बैठककर लंबित मामलों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान इकौना थाने में कई विवेचनाएं लंबित मिलीं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए निस्तारण के साथ वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया।
उन्होंने क्षेत्र में चौपाल लगाकर जनमानस से संवाद करने, उनकी समस्याओं को सुनने व मधुर व्यवहार रखने को भी कहा। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक सहित सभी उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षी व आरक्षी मौजूद रहे। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी इकौना महेंद्र पाल शर्मा, प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतगुरु प्रसाद मिश्रा, उपनिरीक्षक पंकज कुमार गुप्ता, कस्बा प्रभारी धर्मराज आदि मौजूद रहे।