शारदीय नवरात्र पर भिनगा में सज रहा पूजन पंडाल
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। शारदीय नवरात्र आज से शुरू हो रहा है। स्वागत के लिए जहां जगह-जगह पूजन पंडाल सजाए जा रहे हैं, वहीं देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की आने वाली भीड़ को देखते हुए दुकानें भी सजकर तैयार हैं। वहीं इस बार नवरात्र पर फलाहार पर व्रत रहने वालों को महंगाई की मार झेलनी पड़ सकती है।
महंगाई ने आम लोगों की कमर पहले ही तोड़ रखी है। वैश्विक महामारी कोरोना के प्रोटोकाल व डीजल तथा पेट्रोल के बढ़े मूल्य के कारण इस बार शारदीय नवरात्र पर फलाहार करने वालों को अपनी जेब और ढीली करनी पड़ेगी। ओवर लोडिंग पर प्रतिबंध होने व तेल के बढ़े दामों के कारण मेवा फल आदि पर भाड़ा अधिक लग रहा है। इसके कारण इस बार दुकानदार विगत वर्ष की तुलना इस वर्ष अधिक पैसा वसूलने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं जिले में काफी बरसात होने व एक के बाद एक आई राप्ती नदी की विभीषिका का असर भी इस बार नवरात्र पर देखने को मिलेगा। फलाहार में प्रयुक्त होने वाली सब्जियों की आमद कम होने के कारण इस बार दुकानदार अभी से उपभोक्ताओं से अधिक पैसा वसूलने में जुट गए हैं।
सेब 40-60, केला 20-25, अनार 60-80, अमरूद 40, अनानास 50, कच्चा नारियल 40-50 (प्रति पीस), आलू 20 तथा लौकी 15 रुपये प्रति किलो की दर भिनगा नगर में बिक रहा है।