कलेक्ट्रेट के तथागत हाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारी व पदाधिकारी
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति फेज-3 का शुभारंभ शनिवार को हुआ। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष, डीएम व एसपी ने मिशन शक्ति के तीसरे चरण की शुरूआत करते हुए मिशन शक्ति के प्रथम व दूसरे चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 75 महिलाओं को सम्मानित भी किया। जिले में यह अभियान 21 अगस्त से 31 दिसम्बर तक चलेगा। इस दौरान सभी तहसीलो, ब्लाकों, पंचायतों, शहरी निकायों व थानों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने का प्रशिक्षण, सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूकता प्रदान किया जाएगा। इसके लिए प्रचार वाहन भी रवाना किया गया। जिसे जिला पंचायत अध्यक्ष, डीएम व एसपी ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समाज के सभी लोगों को जागरूक होना पड़ेगा। बेटियां बेटो से किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। बिना भेदभाव बेटियों को भी पढ़ा लिखाकर आगे बढ़ाना चाहिए। डीएम टीके शिबु ने कहाकि नारी के सम्मान से ही देश का गौरव बढे़गा। लड़का और लड़की में असमानता की भावना को पूरी तरह खत्म करने के लिए लोगों को जागरूक करना होगा। जिले में रोक के बाद भी बाल विवाह के प्रचलन को खत्म करने को सभी को आगे आ कर संकल्प लेना होगा कि हम अपनी बेटियों का बाल विवाह नही होने देंगे। यह अभियान सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में, स्थानीय निकाय, मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों, श्रमिकों, किसानों आदि सभी वर्गों के लोगों को महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए चलाया जायेगा।
एसपी अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि जिले में विशेष अभियान चलाकर महिला व बालिकाओं को जागरूक किया जायेगा। यदि कोई भी व्यक्ति बालिकाओं व महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश करेगा तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। इस दौरान सूचना विभाग द्वारा एलईडी वैन के माध्यम से लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना विभाग, स्वयं सहायता समूह, युवा कल्याण विभाग, उद्योग विभाग सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बालिकाओं व महिलाओं को सम्मान पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।