श्रावस्ती। लक्ष्मनपुर बाजार निवासी एक व्यक्ति की भैंस दूसरे व्यक्ति के खेत में चली गई। इसको लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार देर रात मारपीट में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर ईंट व लाठी डंडे चले। इसकी चपेट में आकर दो महिलाओं सहित छह लोग गंभीर घायल हुए। घायलों में से एक युवक की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान हो गयी। सूचना पर पहुंची लक्ष्मनपुर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गाजार निवासी जमील पुत्र जलील के खेत में मंगलवार को गांव के ही भुजऊ पुत्र झुर्रा की भैंस चली गई थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। दोनों पक्षों में बात इतनी बढ़ी कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस मारपीट में भुजऊ पुत्र झुर्रा घायल हो गया। इसके बाद दूसरे पक्ष से जुटे लोगों ने जलील अहमद पुत्र अब्दुल रऊफ के घर पर ईट लाठी व डंडे के साथ हमला कर दिया। इस मारपीट में जमील (30) पुत्र जलील अहमद, फातिमा बेगम पत्नी जलील अहमद, अंसारी पुत्र जलील अहमद, अफसाना बेगम पत्नी रफीक व कलीम अहमद पुत्र जलील अहमद घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे लक्ष्मनपुर चौकी प्रभारी ने सभी घायलों को एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जमील को मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों का इलाज चल रहा है। मामले में मृतक के पिता जलील की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक भिनगा बृजेश कुमार द्विवेदी बताते हैं कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।