श्रावस्ती। गिलौला थाना क्षेत्र की पीआरवी पर तैनात एक आरक्षी द्वारा जांच के नाम पर शराब के नशे में ग्रामीणों से अभद्रता की गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी ने उसे निलंबित कर दिया है।
यूपी पीआरवी 112 पर तैनात आरक्षी विवेक सरोज शराब के नशे का आदी है। विवेक गिलौला थाना क्षेत्र के एक गांव में हुए विवाद की सूचना के बाद मौके पर जांच करने पहुंचा था। जहां उसके द्वारा शराब के नशे में धुत होकर ग्रामीणों के साथ अभद्रता की गई। जिसका वीडियो बना कर किसी ग्रामीण की ओर से सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जिसकी जानकारी के बाद पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य द्वारा प्रकरण की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना एमपी शर्मा से कराई गई थी।
जांच के दौरान वीडियो की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई करते हुए एसपी द्वारा आरक्षी विवेक सरोज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस बारे में और जानकारी देते हुए एएसपी बीसी दुबे ने बताया कि पुलिस कर्मियों को चाहिए कि वह जनता के साथ मित्रवत व्यवहार करे। यदि किसी पुलिसकर्मी के द्वारा ऐसी कोई लापरवाही व अभद्रता की गई तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।