श्रावस्ती। एसपी कार्यालय में रविवार को एक कार्यशाला हुई। एसपी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में 31 जुलाई तक चलने वाले बालिका सुरक्षा जागरुकता अभियान के संबंध में पुलिस अधिकारियों को आवश्यक टिप्स बताए गए।
कार्यशाला में एसपी आशीष श्रीवास्तव के कहा कि बालिका सुरक्षा जागरुकता अभियान इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ही इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उन्होंने कार्यशाला में प्रतिभाग ले रहे सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारीगण को बालिका सुरक्षा अभियान के संबंध में विस्तार से बताया।
साथ ही इस अभियान में लगे पुलिस कर्मियों की संवेदनशीलता बढ़ाने का निर्देश दिया। एएसपी बीसी दुबे ने अभियान में लगे सभी पुलिसकर्मियों से कहा कि वह अपने-अपने अपने थाना क्षेत्रों में पूर्व से चिन्हित किये गए विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों से संपर्क कर प्रत्येक कार्य दिवस में विद्यालय जाकर इस जागरुकता अभियान के बारे में बालिकाओं व छात्राओं को अवगत कराएं।
साथ ही उन्हें विस्तार से सुरक्षा संबंधी दिशा निर्देश देते हुए यूपी-100, महिला हेल्प लाइन 181 तथा 1090 के बारे में बताएं। साथ ही कहा कि पूर्व में गठित नारी सुरक्षा दल को और सक्रिय बनाने के लिए प्रयास करें।
सीओ सिटी डा. जंगबहादुर यादव ने सभी थाना प्रभारियों को जागरुकता संबंधी प्रचार सामग्री जिसमें महिला हेल्पलाइन 1090, यूपी-100 के पोस्टर व पंफलेट तथा 1090 के यलो कार्ड वितरित कराने का निर्देश दिया। कार्यशाला में सीओ जमुनहा हौसला प्रसाद सहित सभी थानों के प्रभारी नारी सुरक्षा दल व थानों से आए उप निरीक्षकगण, आरक्षी तथा महिला आरक्षी मौजूद रहीं।