श्रावस्ती। मल्हीपुर क्षेत्र के एक गांव की बालिका बुधवार देर शाम डीजल देने खेत जा रही थी। तभी एक युवक ने उसे दबोचकर दुराचार का प्रयास किया। इस दौरान बालिका के शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं एक अन्य घटना में थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी विवाहिता नित्यक्रिया करने खेत की ओर जा रही थी। तभी उसके साथ एक युवक ने दुराचार का प्रयास किया। इन दोनों मामलों की सूचना पर पुलिस जांच में जुट गई है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी आठ वर्षीय बालिका के पिता खेत में धान की सिंचाई कर रहे थे। पिता के कहने पर बालिका पंपिंग सेट में डालने के लिए डीजल लेकर खेत जा रही थी। रास्ते में पहले से मौजूद थाना क्षेत्र के ही ग्राम महरू मुर्तिहा के मजरा भुजरनपुरवा बनकटी निवासी अय्यूब पुत्र फय्याज ने बालिका को दबोच लिया।
इसके बाद उसे खेत में ले जाकर उसके साथ दुराचार का प्रयास किया। इस दौरान बालिका की चीखपुकार पर पहुंची उसकी मां व ग्रामीणों ने युवक को दबोच लिया। आरोपी अय्यूब की पिटाई के बाद उसे मल्हीपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इसी गांव के एक अन्य मजरा निवासिनी एक विवाहिता बुधवार शाम नित्यक्रिया को गई थी। जहां पहले से ही घात लगाए बैठे एक युवक ने विवाहिता को दबोचकर उसके साथ दुराचार का प्रयास किया। विवाहिता के शोर मचाने व ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। दोनों मामलों में मल्हीपुर पुलिस ने छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापा मार रही है।