श्रावस्ती। भिनगा के टंड़वा बनकटवा में बुधवार सुबह मामूली कहासुनी को लेकर दो समुदायों के बीच में विवाद हो गया। इस दौरान हमले में एक पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले में नौ नामजद व 25 अज्ञात के विरुद्ध गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
भिनगा के टंड़वा बनकटवा निवासिनी प्रीती यादव बुधवार को अपने पिता मनोहर लाल यादव के साथ दवा लेने लोनियनपुरवा में एक निजी डॉक्टर के पास गई थी। जहां से लौटते समय रास्ते में होटल पर बैठे गांव के ही मेराज अहमद व शमसुदजुहा पुत्रगण मौला बक्स ने प्रीती से अभद्रता करते हुए कहा कि कोरोना जा रही है।
इसका विरोध करने पर दोनों ने पिता-पुत्री से हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान शोर सुनकर मौके पर पहुंचे मेराज पक्ष के शमसुद्दीन, अली अहमद, आलमबीर, कमरुद्दीन, महताब आलम व गुलजार आदि ने मनोहर लाल की पिटाई शुरू कर दी। चीखपुकार पर बचाने पहुंचे मनोहर लाल के परिवार के सिपाही, सांवली, दुर्गेश व दिलीप को भी पीट दिया गया। इस दौरान सांवली पर कुल्हाड़ी से हमला भी किया गया। इससे गांव में अफरातफरी मच गई।
हमले में पांचों को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया। मामले में प्रीती की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने नौ नामजद व 25 अज्ञात के विरुद्ध प्राणघातक हमला, बलवा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
इस बारे में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पांडेय बताते हैं कि हमलावर मेराज, शमसुदजुहा, शमसुद्दीन, अली अहमद, आलमबीर, कमरुद्दीन व महताब आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।