श्रावस्ती। वित्तविहीन विद्यालयों की मान्यता के लिए 31 मई तक आवेदन किया जा सकेगा। इसके लिए निर्धारित शुल्क जमा कर मानकों को पूरा कराते हुए अतिरिक्त कक्षाओं की भी मान्यता ली जा सकेगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से नए विद्यालयों को मान्यता प्रदान करने के लिए तिथियों का निर्धारण किया गया है। डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मान्यता के लिए 15 मई तक आवेदन करने वालों को बिना विलंब शुल्क के ही आवेदन का लाभ मिलेगा। 16 से 31 मई तक आवेदन करने पर निर्धारित शुल्क के साथ ही विलंब शुल्क भी जमा करना होगा।
इसी तरह अतिरिक्त विषय व वर्ग की मान्यता के लिए भी यहीं नियम लागू किए गए हैं। हालांकि सभी के लिए शुल्क की रकम अलग-अलग निर्धारित की गई है। सत्यापन के दौरान मानक पूरा न मिलने पर आवेदन निरस्त भी किया जा सकता है।