श्रावस्ती। अनुसूचित जाति के गरीबों का जीवन स्तर सुधारने के लिए ग्रांट इन एड योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत आवेदकों को 50 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। ऐसे में इच्छुक ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
यह जानकारी देते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी डाॅ. अमरनाथ यति ने बताया कि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड अनुसूचित जाति के गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वालों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने का प्रयास कर रहा है। ऐसे परिवारों के बेरोजगार युवक व युवतियों के लिए ग्रांट इन एड योजना चलाई जा रही है। इसके तहत अनुसूचित जाति के गरीब युवक व युवतियों को जिले में वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए छह परियोजनाओं पर अनुदान दिया जा रहा है।
जिसमें मल्टी स्किल टेक्नीशियन, महिला कैब कम डेस्टिनेशन टूरिस्ट गाइड, बॉयोटायलेट, इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर, मोबाइल ढाबा व बड़ा फूड ट्रक व मोबाइल ढाबा व छोटा फूड ट्रक का संचालन प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया गया है। इसके लिए लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन लिया जा रहा है। इस परियोजना के लिए आवेदकों को ऋण दिलाया जाएगा। ढाई लाख रुपये की इस परियोजना में विभाग की तरफ से पचास हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। जबकि शेष पैसा बैंक ऋण के रूप में दिया जाएगा। जिसे बैंक के शर्तों व प्रतिबंधों के अनुसार जमा करना होगा। पूर्व में निगम की किसी भी योजना से लाभान्वित व्यक्ति इस योजना के लिए पात्र नहीं होगें। ग्रामीण क्षेत्र के इच्छुक व पात्र ब्लाक के सहायक ग्राम विकास अधिकारी व शहरी क्षेत्र के युवक तथा युवतियां कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) से संपर्क कर योजना के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। संवाद