इकौना (श्रावस्ती)। इकौना-वीरपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार इलेक्टि्रक कार ने दरवाजे के पास बैठी वृद्धा व उसके बेटे सहित चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
ग्राम पंचायत इकौना के मजरा अकबरपुर निवासी सुग्रीव गोस्वामी (54) का घर अकबरपुर गोशाला के सामने स्थित है। बृहस्पतिवार सुबह वो अपनी मां सुंदरपता (72), पड़ोसी रमेश कुमार गोस्वामी (28) व उमेश कुमार (18) के साथ दरवाजे के पास बैठ कर बातचीत कर रहे थे। इस दौरान इकौना से वीरपुर जा रही तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर इन सभी को टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसे में सुंदरपता की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने सभी को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी इकौना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुंदरपता की मौत की पुष्टि कर दी। वहीं, गंभीर रूप से घायल सुग्रीव को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। रमेश व उमेश का इलाज सीएचसी में जारी है।
भागने का प्रयास कर रहे चालक को दबोचा
हादसे के बाद कार चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे दबोच लिया। हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार चालक को हिरासत में ले लिया।
कार चालक को हिरासत में लेकर हादसे की जांच की जा रही है। मृतका के परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
अखिलेश पांडेय, थाना प्रभारी