श्रावस्ती। किसानों ने कृषि विभाग द्वारा दी जाने वाली छूट के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष ई लाटरी के माध्यम से किसानों को कृषि यंत्र व उपकरण के लिए टोकन दिया गया।
कृषि विभाग ने कृषि यंत्रों के वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए ई लॉटरी की प्रक्रिया लागू की गई है। इसके तहत यूपी एग्रीकल्चर पोर्टल पर कृषि यंत्रों की बुकिंग के लिए 30 नवंबर से 14 दिसंबर 2023 तक टोकन निकालने की सुविधा थी। इसमें किसानों ने विकास खंडवार कृषि यंत्रों के लिए आवेदन किया था। किसानों के चयन के लिए डीएम कृतिका शर्मा की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष ई लॉटरी निकाली गई। जिसमें 402 कृषि यंत्रों की बुकिंग के सापेक्ष 85 किसानों का चयन ई लाटरी के माध्यम से किया गया। इसमें 12 प्रकार के कृषि यंत्र दिए गए। इस दौरान कस्टम हायरिंग सेंटर (सहवर्ती यंत्र) के लिए पार्वती देवी, उदय कुमार पाठक, राममूर्ति, संतोष कुमार, चंद्रिका प्रसाद, उमाशंकर तथा कम्बाइन हार्वेस्टर के लिए अनिल चयनित हुए।