जमुनहा के घाटेपुरवा में कटान करती राप्ती नदी। - संवाद
श्रावस्ती। राप्ती नदी ने 35 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर जमुनहा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कथरामाफी के मजराें व उसके आसपास कटान शुरू कर दी है। फसल लगे खेतों के कटान के चलते ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर गांव में ठोकर बनवाकर गांवों को बचाने की गुहार लगाई है।
ग्रामीम हरिश्चंद्र वर्मा, बाल मुकुंद वर्मा, कमलेश यादव, गुरुदीन मौर्य व महराजुद्दीन आदि ने बताया कि राप्ती कटान करती हुए गांव की ओर बढ़ रही है, गांव से नदी की दूरी महज 85 मीटर ही बची है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले नदी ने 1952 व 1990 में कटान की थी, लेकिन इसके बाद नदी की धारा शांत थी।
35 साल बाद एक बार फिर शुरू हुए कटान के चलते कथरामाफी, घाटेपुर, सलारुपुरवा आदि गांवों के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव को बचाने के लिए ठोकर का निर्माण जरूरी है। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर ठोकर बनाने की गुहार लगाई गई है।
इनकी ग्रामीणों की कटी जमीन
ग्रामीणों ने बताया कि राप्ती बाबूराम यादव के ढ़ेड बीघा, आशाराम के दो बीघा, राम फकीरे के पांच बीघा, डेबा पंडित के साढ़े तीन बीघा, जयमंगल पाठक के साढ़े तीन बीघा, मलखान पाठक के साढ़े तीन बीघा व बाबादीन तेली के तीन बीघा समेत सैकड़ों बीघा कृषि योग्य जमीन को फसल सहित निगल चुकी है।