मिर्जापुर चौराहे से रविवार देर शाम कूड़े को हटाते कर्मी। - संवाद
गिरंट बाजार। जमुनहा क्षेत्र में सड़कों के किनारे लगे कूड़े के ढेर से लोगों को दिक्कत होती है। इस समस्या से जुड़ी खबर अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी, जिसका संज्ञान लेकर विभाग की ओर से रविवार देर शाम जेसीबी से कूड़े के ढेर को हटाया गया।
जमुनहा में किसी भी क्षेत्र में सड़क किनारे कूड़े के ढेर दिखाई पड़ जाएंगे। हवा चलने पर इनसे कचरा उड़कर सड़क पर फैल जाता है। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अमर उजाला की ओर से विभिन्न मार्गों की पड़ताल कराते हुए 16 जनवरी के अंक में सड़क किनारे कूड़े के ढेर, दुर्गंध से राहगीर आजिज... शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
इस पर विभाग की नींद टूटी और मिर्जापुर चौराहे पर लगे कूड़े के ढेर को जेसीबी से हटवाकर सफाई कराई गई। इसी तरह बरदेहरा-नासिरगंज मार्ग, जमुनहा-मल्हीपुर मार्ग, मल्हीपुर-बदला चौराहा सहित अन्य मार्गों पर भी कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। इससे राहगीरों को आते-जाते समय नाक बंद करके निकलना पड़ता है।