श्रावस्ती। लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को नियमों का अनुपालन होता नहीं दिखा। एक तरफ जहां दुकानदार चोरी छिपे सामान की बिक्री करते नजर आए। वहीं लोग बगैर मास्क व गमछा पैदल व दो पहिया वाहनों पर फर्राटा भरते दिखे। इतना ही नहीं यातायात नियमों की अनदेखी भी होती रही। कुछ चुनिंदा स्थानों को छोड़ कर न तो कहीं पुलिस नजर आई और न ही राजस्व कर्मी ही।
इस बार का लाकडाउन नागपंचमी पर पड़ा। ऐसे में प्रशासन की ओर से थोड़ी बहुत नरमी बरती गई। जिसका आलम यह रहा कि लोग नियमों को दर किनार कर कोरोना प्रोटोकाल तोड़ते नजर आए। शनिवार देर शाम व रविवार को लाकडाउन के दौरान आवागमन की अनलॉक जैसी स्थिति देखी गई। नगर के मार्गों व ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे दिन चहल पहल रही।
एक तरफ जहां दुकानदार चोरी छिपे सामान की बिक्री करते नजर आए। वहीं लोग मोटर साइकिल सहित पैदल आते जाते दिखे। जिनमें अनावश्यक रूप से टहलने वाले ज्यादा थे। पुलिस अधिकारी लाक डाउन की स्थिति का जायजा लेने के लिए भ्रमण पर रहे। इसके बावजूद प्रमुख स्थानों को छोड़ कर नुक्कड़ व गलियों में पुलिस नजर नहीं आई। पूरे दिन में शायद ही ऐसा कोई समय रहा जब सड़क खाली रही। मुख्य मार्ग से हटकर गलियों से दिन भर लोगों का आना जाना देखा गया। वहीं सड़क भरी दिन भर गुलजार रही।