नामांकन के दौरान गिलौला में कोविड नियमों की अवहेलना करते लोग।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों द्वारा कोविड-19 नियमों को तोड़ा जा रहा है। इसको देखते हुए डीएम ने सख्त रुख अपनाया है। इसके लिए बुधवार को डीएम ने सभी अधिकारियों को पत्र लिखकर नामांकन विंडो पर सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क लगाने की अनिवार्यता को लागू करने को कहा। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
अधिकारियों को जारी पत्र में जिलाधिकारी टीके शिबु ने कहा है कि कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में लोगों द्वारा कोविड प्रोटोकाल का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है। ऐसे में सभी एसडीएम व बीडीओ चुनाव से संबंधित पोलिंग पार्टिंयों की रवानगी, मतगणना सहित अन्य स्थलों पर कोविड प्रोटोकाल पालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से ही कर लें। यदि किसी स्थल पर कोई आयोजन हो रहा है और वहां पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। तो आयोजक के विरुद्ध प्रवर्तन की कार्रवाई की जाए। कोविड19 के नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निगरामी समिति को सक्रिय रहने के निर्देश
पंचायत चुनाव में डीएम ने ग्राम स्तर पर निगरानी रखने के लिए निगरानी समिति को सक्रिय करने व जिले के बाहर से आने वाले लोगों की प्रतिदिन रिपोर्ट प्राप्त करने का निर्देश दिया है। डीएम ने कहा है कि चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। प्रत्येक ब्लॉक पर कंप्यूटर ऑपरेटरों की उपलब्धता पहले से ही सुनिश्चित हो। जिससे नामांकन से संबंधित सूचनाएं सॉफ्टवेयर पर प्रतिदिन अपलोड हो सकें। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित कर लिया जाए कि संबंधित खंड विकास कार्यालय में कौन सा नेटवर्क अच्छा है। जिससे डाटा अपलोडिंग के समय किसी समस्या का सामना न करना पड़े। शिकायत प्रकोष्ठ में प्राप्त शिकायतों का 24 घंटे के अंदर निस्तारण कराते हुए शिकायतकर्ता को अवगत कराकर उससे फीडबैक भी लिया जाए।