श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार शाम नवागंतुक डीएम ने जिले भर के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के साथ ही जिले के विकास की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कि वह जिले के विकास के लिए टीम भावना से कार्य करें। लापरवाह व शिथिलता बरतने वाले अधिकारी व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी यशु रुस्तगी ने कहा कि जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं। इस दिशा में विशेष प्रयास किये जाएंगे। सरकार की ओर से संचालित योजनाओं को शत प्रतिशत धरातल पर उतारकर पात्रों को लाभान्वित करने का विशेष प्रयास किया जाए। विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं को पात्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष ध्यान रखा जाए।
शिक्षा व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। यदि इसमें कहीं से किसी स्तर पर लापरवाही उजागर हुई तो जो भी जिम्मेदार हुए उन पर ठोस कार्रवाई की जाएगी। श्रावस्ती अन्य जिलों की तुलना में विकास के क्षेत्र में पीछे है।
इस पिछड़ेपन को दूर करने के लिए भारत सरकार के नीति आयोग की ओर से जिले का चयन किया गया है। इसलिए अधिकारियों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। इसलिए वह टीम भावना से कार्य कर जिले के चहुंमुखी विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। जिससे श्रावस्ती शिक्षा व स्वास्थ्य के साथ साथ अन्य क्षेत्रों में भी विकसित हो सके।
यहां के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़कर खुशहाल हो सके। जो भी कार्य किए जाए उसमें हरहाल में पारदर्शिता दिखनी चाहिए। जनता दर्शन, संपूर्ण समाधान दिवस, समाधान दिवस एवं किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर प्रत्येक दशा में फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उन्हें न्याय प्रदान किया जाए। जिससे उन्हें अपनी समस्याओं को लेकर इधर उधर भटकना न पड़े। बैठक में सीडीओ, डीडीओ, एडीएम, सभी एसडीएम, बीडीओ, पीडी, सीएमओ, सीएमएस, डीएफओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।