श्रावस्ती। जिले के सभी थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले भर में कुल 118 मामले आए। जिनमें से 26 का मौके पर ही निपटारा किया गया। सोनवा में आयोजित जिला स्तरीय थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम ने की, जहां उनके साथ एसपी मौजूद रहे। इस दौरान डीएम ने शिकायतों के फर्जी निस्तारण की रिपोर्ट लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सोनवा में आयोजित जिला स्तरीय थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी टीके शिबु ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जो भी अधिकारी व कर्मचारी शिकायतों के निस्तारण में फर्जी रिपोर्टिंग करेंगे, उनको बख्शा नहीं जाएगा। फरियादियों के मोबाइल पर बात करने पर अगर निस्तारण फर्जी पाया गया तो संबंधितों से जवाब तलब कर उनके निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि लेखपाल एवं ग्राम पंचायत अधिकारी गांव के विकास की मुख्य धुरी हैं। साथ ही वह गांव में जिला प्रशासन का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए उनका दायित्व बनता है कि गांव में हो रही गतिविधियों पर अपनी पैनी नजर रखें। यदि कहीं भी उन्हें किसी भी प्रकार की गतिविधियां मिलती है तो तत्काल वह उच्चाधिकारियों को जानकारी दें।
जिससे संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। समाधान व थाना दिवस में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निपटारा मौके पर जाकर किया जाये। राजस्व निरीक्षक अपने क्षेत्रों में टीम बनाकर थाना दिवसों में प्राप्त शिकायतों का निपटारा पुलिस के सहयोग से करें। इसमें कोई लापरवाही न बरती जाये।
सरकारी जमीनों में किसी भी प्रकार का कब्जा न हो। यदि किसी भी क्षेत्र में इस प्रकार की शिकायत मिली तो संबंधित क्षेत्र के लेखपाल व राजस्व निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई होगी। पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्या ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि थाना दिवसों में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण राजस्व कर्मचारियों के साथ मिलकर प्राथमिकता के आधार पर करें।
फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण किया जाए। जिससे किसी भी फरियादी को निराश होकर न लौटना पड़े। इस दौरान एसडीएम जमुनहा जेपी चौहान मौजूद रहे। वहीं इकौना में एएएसपी बीसी दुबे व एडीएम योगानंद पांडे की अध्यक्षता में थाना दिवस का आयोजन हुआ। जिले भर के थानों में कुल 118 मामले आए। इनमें से 26 मामलों का मौके पर ही निस्तारण हुआ।