कलेक्ट्रेट में बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित करतीं डीएम अन्नपूर्णा गर्ग।
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार शाम डीएम अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में जिला सतर्कता समिति की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने परिषदीय, कस्तूरबा गांधी व पीएमश्री विद्यालयों की प्रगति जानी और हर माह लक्ष्य के अनुसार निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने मिशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर्स से विद्यालयों को संतृप्त करने पर जोर दिया। उन्होंने स्कूलों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेताया कि यदि गैस सिलिंडर के अभाव में किसी स्कूल में चूल्हे की लकड़ी पर एमडीएम बनता मिला, तो संबंधित एजेंसी संचालक पर कड़ी कार्रवाई होगी।
विद्युतीकरण से छूटे स्कूलों में कार्य कराने या बजट प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी बीईओ से विद्यालयों में दो लाइट व दो पंखे लगे होने का प्रमाण पत्र मांगा गया। विद्यार्थियों के यूनिफॉर्म में आने, सुबह नौ बजे तक उपस्थिति पंजिका अद्यतन करने व शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। इस दौरान सीडीओ शाहिद अहमद, एसडीएम रवि प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।