श्रावस्ती। न्यायालय के आदेश पर गिलौला थाना क्षेत्र के कुर्बेनी निवासी दंपती हरिश्चंद्र और इंद्रकला पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। उनके चाचा गजाधर चौहान ने 6.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी और धमकी का आरोप लगाया है। गजाधर ने बताया कि उन्होंने इलाज के लिए अपने भतीजे हरिश्चंद्र और उसकी पत्नी इंद्रकला को यह रकम उधार दी थी। एक मई को जब उन्होंने रुपये वापस मांगे, तो दंपती उनके घर आया। उन्होंने गाली दी और जान से मारने की धमकी भी दी। गजाधर ने पहले गिलौला थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। फिर उन्होंने पुलिस अधीक्षक को पंजीकृत डाक से पत्र भेजा। कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर जांच शुरू हो गई है।