इकौना ब्लाक में लाभार्थी को प्रमाण पत्र प्रदान करते श्रावस्ती विधायक व एसडीएम इकौना।
कटरा (श्रावस्ती)। प्रदेश सरकार व श्रावस्ती विधायक के आठ साल पूरे होने पर बृहस्पतिवार को इकौना ब्लॉक सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रावस्ती विधायक ने योगी सरकार के आठ साल के सुशासन की उपलब्धियों जनमानस को गिनाई।
श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय ने कहा कि योगी सरकार में श्रावस्ती में करीब 400 करोड़ की लागत से एयरपोर्ट का निर्माण कराया गया। इसके विस्तारीकरण की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके साथ ही आजादी के बाद पहली बार श्रावस्ती में रेल लाइन का कार्य भी अब रफ्तार पकड़ने लगा है। बताया कि जिले में 110.83 करोड की लागत से जिला कारागार, 51.23 करोड़ से स्वदेश दर्शन योजना के तहत बौद्ध सर्किट का पर्यटन विकास, 43.02 करोड की लागत से जिला न्यायालय निर्माण भी कराया गया है।
डीएम ने बताया कि राजस्व वादों के निस्तारण में श्रावस्ती प्रदेश के टॉप-10 जिलों में आ गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति कर करीब 70 प्रतिशत ऋण का भुगतान भी कर दिया गया है। एनीमिया मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम में भी श्रावस्ती का प्रदेश में पहला स्थान है। पोषण मिशन के संभव अभियान कार्यक्रम में भी जिला प्रथम स्थान पर जबकि स्वच्छता अभियान के मॉडल ग्राम निर्माण में जिला तीसरे स्थान पर है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कृषक बीमा योजना के तहत वंदना पत्नी चंदन पांडे व सुंदरपता पत्नी ननकू निवासी चिचड़ी को पांच-पांच लाख रुपये का चेक व अन्य योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में एसडीएम ओमप्रकाश व बीडीओ इकौना चंद्र भूषण तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।