श्रावस्ती। एनडीपीएस एक्ट में 25 हजार रुपये इनामी अंतरजनपदीय बदमाश की मल्हीपुर पुलिस को काफी समय से तलाश थी। जिसे गुरुवार रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। जिसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेजा गया है।
मल्हीपुर पुलिस ने 17 नवंबर 2019 में 87 किलो गांजा बरामद किया था। इस मामले में आरोपी देवरिया जिले के थाना कोतवाली व कस्बा सलेमपुर के मोहल्ला लाइन बाजार निवासी अमन मधेशिया की पुलिस को तलाश थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी।
साथ ही एएसपी बीसी दूबे व सीओ भिनगा हौसला प्रसाद के नेतृत्व में मल्हीपुर के प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम गठित की थी। टीम ने गुरुवार रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर उसे बदला चौराहा स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया। जिसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कर शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से आरोपी को जेल भेजा गया है।