इकौना (श्रावस्ती)। नगर पंचायत इकौना में व्याप्त अनियमितताओं की जांच को लेकर 12 दिसंबर से सभासद परिसर में धरना दे रहे थे।
सोमवार को श्रावस्ती विधायक के आश्वासन के बाद सभासदों ने अपना धरना समाप्त कर दिया है। विधायक ने निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है।
इकौना नगर पंचायत के सभासद 12 दिसंबर से नगर पंचायत परिसर में क्रमिक अनशन कर रहे थे। सभासदों का आरोप था कि नगर पंचायत में विकास के नाम पर भारी अनियमितता बरती गई है जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए।
सोमवार को धरना स्थल पहुंचे श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे ने विकास कार्यों की जांच कराने व दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि मैं स्वयं इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से मिलूंगा तथा सभासदों की बात मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाकर उच्च स्तरीय जांच कराने का अनुरोध करूंगा।
उन्होंने ईओ इकौना द्वारा इकौना व्यापार मंडल अध्यक्ष पर लिखाए गए मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्दोष को किसी भी कीमत पर मामले में फंसने न देने का आश्वासन भी दिया।
जिसके बाद सभासदों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। वहीं एसडीएम इकौना राजेश मिश्रा ने सभासदों के मांग पत्र पर डीएम की तरफ से जांच टीम गठित करने की बात बताई।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पांडे, एलआईयू के उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, विनोद शुक्ला, कन्हैया कसौधन, सभासद एहशानउल्ला चौधरी, अर्जुन गुप्ता, संदीप मिश्रा, बृजेंद्र गुप्ता, जितेंद्र कंठरा, सुधीर पटवा, मन्नान, अर्चना गुप्ता व मुनीरा सहित काफी संख्या में नगर के लोग मौजूद रहे।