इकौना (श्रावस्ती)। नगर पंचायत इकौना में सभासदों द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिशासी अधिकारी इकौना के खिलाफ नारेबाजी बजरंग दल के विभाग उपाध्यक्ष पर मंहगी पड़ी।
ईओ की तहरीर पर इकौना पुलिस ने उनके विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर पंचायत इकौना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सभासद पांच दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
बीते दिन धरना-प्रदर्शन के दौरान वहां बजरंग दल के विभाग उपाध्यक्ष कन्हैया कसौधन भी मौजूद थे। अधिशाषी अधिकारी प्रवीण कुमार दूबे का आरोप है कि इस दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग उपाध्यक्ष द्वारा जानमाल की धमकी देते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाया गया।
कन्हैया कसौधन ने धरना स्थल पर अपने संबोधन में कहा कि नगर पंचायत में भ्रष्टाचार चरम पर हैं। ईओ इकौना द्वारा शौचालय में वसूली की जा रही है।
यदि इसे बंद नहीं किया तो उनको जनता सुधार देगी। इस पर देर रात अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत इकौना द्वारा थाने में दी गई। इस पर इकौना पुलिस ने कन्हैया कसौधन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।