श्रावस्ती। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र व एलिम्को कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में दूसरे दिन मंगलवार को जमुनहा ब्लाॅक सभागार में कैंप आयोजित किया गया। कैंप में कुल 635 दिव्यांगों ने सहायक उपकरणों के लिए अपना नाप दिया।
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र व एलिम्को कानपुर के सहयोग से जिले के सभी विकास खंडों में कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण असेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को जमुनहा तहसील सभागार में कैंप आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने किया। उन्होंने आम लोगों के साथ अपने बोर्ड के सदस्यों से अपील की कि अपने आसपास मौजूद दिव्यांगों को इस कैंप की सूचना जरूर दें। इसके साथ ही 20 मई को जिले स्तर पर लगने वाले कैंप में छूटे दिव्यांगों को भेजने में सहयोग करने को कहा।
कैंप समन्वयक व रेडक्राॅस चेयरमैन अरुण मिश्र ने बताया की शाम तक 635 दिव्यांगों के नाप एल्मिको से आए विशेषज्ञों द्वारा लिया जा चुका है। इस मौके पर कैंप के नोडल अधिकारी के रूप में नामित खंड विकास अधिकारी जमुनहा व कैंप प्रभारी के रूप में एडीओ पंचायत व कैंप समन्वय के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चमन सिंह के साथ अन्य लोग मौजूद रहे।
तपती धूप में डटे रहे दिव्यांग
मौसम मंगलवार को बेहद गर्म रहा। दिव्यांगों को धूप से बचाने के लिए ब्लाॅक परिसर में टेंट लगाया गया था। कृत्रिम अंगों का नाप देने के लिए आए दिव्यांग भीषण गर्मी के बावजूद कैंप में डटे रहे। अपना नाम देने के लिए आए रियाज व नूर मोहम्मद ने बताया की वे कई बार ट्राई साइकिल के लिए भिनगा तक गए। अब उन्हें जल्द ट्राई साइकिल मिलने की उम्मीद है। इसके सहयोग से वे सब्जी गांव-गांव जाकर बेचना चाहते हैं।
सिरसिया में आज लगेगा शिविर
रेडक्राॅस चेयरमैन अरुण मिश्र ने बताया कि दिव्यांगों के लिए चल रहे शिविर का बुधवार को सिरसिया विकास खंड सभागार में आयोजन किया जाएगा। इसमें डीएम नेहा प्रकाश मुख्य अतिथि रहेंगी। यहां ब्लाॅक क्षेत्र के साथ ही आसपास के दिव्यांग भी कृत्रिम अंग के लिए अपना नाप दे सकते हैं।