श्रावस्ती। भंगहा क्षेत्र के पांच लाख लोगों को अबाध विद्युत आपूर्ति मिलने की राह शनिवार से सुगम हो गई। मुख्यमंत्री व ऊर्जा मंत्री ने लखनऊ से हरिहरपुररानी ब्लॉक मुख्यालय भंगहा में बने विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया।
वहीं, मौके पर मौजूद डीएम व सांसद ने फीडर चालू कर आपूर्ति बहाल कराई। हरिहरपुररानी ब्लॉक मुख्यालय भंगहा में 92 लाख रुपये खर्च कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया गया है।
इसका लखनऊ से शनिवार को मुख्यमंत्री व ऊर्जामंत्री ने लोकार्पण किया। इस दौरान भंगहा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें मौजूद सांसद दद्दन मिश्र, जिलाधिकारी दीपक मीणा व अधीक्षण अभियंता ललित कुमार ने फीडर चालू कर आपूर्ति शुरू कराई।
सांसद ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास की तर्ज पर जन कल्याणकारी योजनाओं पर काम कर रही है।
भंगहा क्षेत्र के करीब पांच हजार उपभोक्ताओं को अबाध विद्युत आपूर्ति देने के लिए यहां नया उपकेंद्र निर्माण कराया गया है।
इसके चालू हो जाने से अब क्षेत्रवासियों को भिनगा उपकेंद्र पर निर्भर नहीं रहना होगा। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि इस क्षेत्र को पहले भिनगा उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति की जाती थी।
उपकेंद्र बन जाने से भिनगा उपकेंद्र के बिजली सप्लाई में जो कटौती होती थी, अब वह नहीं होगी। इससे 24 घंटे विद्युत आपूर्ति का मार्ग प्रशस्त होगा।
भिनगा उपकेंद्र पर भी अधिभार घटेगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय समग्र योजना के तहत जिले के सभी मजरों में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य है।
सौभाग्य योजना के तहत मीटर व कनेक्शन दिया जा रहा है, ताकि सरकार की हर घर बिजली योजना का लक्ष्य पूरा हो सके। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर दयाल पांडे, अधिशासी अभियंता रमा शंकर मौर्य, सुनील तिवारी सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।