कटरा (श्रावस्ती)। बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती में हवाई पट्टी विस्तार का काम मार्च तक पूरा हो जाएगा। केंद्र सरकार ने निर्माण कार्य के लिए 2097 लाख रुपये जारी किए हैं।
शनिवार को सांसद, विधायक व डीएम ने भूमि पूजन किया। अब जल्द ही विस्तारीकरण का काम शुरू होगा। बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती स्थित हवाई पट्टी का रनवे 1350 मीटर था।
इससे हवाई पट्टी पर चार्टर विमान उतारने में असुविधा होती थी। इस कारण विभिन्न देशों से आने वाले बौद्ध अनुयायियों को दिल्ली, लखनऊ व गोरखपुर से बस या बलरामपुर, गोंडा व लखनऊ तक ट्रेन से आना पड़ता था।
शनिवार को निर्माण कार्य शुरू करने के लिए सांसद दद्दन मिश्र, श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडे व जिलाधिकारी दीपक मीणा ने भूमि पूजन किया।
सांसद ने कहा कि हवाई पट्टी विस्तार का कार्य मार्च तक पूरा हो जाएगा। शीघ्र ही हवाई पट्टी पर विमानों का आवागमन शुरू होगा। हवाई पट्टी संचालन होने से देशी-विदेशी पर्यटकों की श्रावस्ती में आमद बढ़ेगी।
इससे जिले में ऐतिहासिक चीजों का महत्व और बढ़ेगा। पर्यटन के क्षेत्र में श्रावस्ती का तेजी से विकास होगा। विधायक ने कहा कि श्रावस्ती भगवान बुद्ध की तपोस्थली है।
यहां हवाई पट्टी की आवश्यकता थी। हवाई सेवा संचालन होने से देश के प्रमुख नगरों से श्रावस्ती सीधा जुड़ जाएगा। यहां से कानपुर, लखनऊ, बनारस, दिल्ली, नोएडा आदि शहरों को जोड़ा जाएगा। इन शहरों के लिए आवागमन सुलभ होगा।
पुराने भवन का होगा नवीनीकरण
हवाई पट्टी विस्तार के लिए 2097.47 लाख रुपये केंद्र सरकार ने जारी किए हैं। भूमि पूजन के बाद अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
मौजूद रनवे को 1350 मीटर से बढ़ाकर 1530 मीटर किया जाएगा। रनवे की चौड़ाई 23 मीटर रहेगी। पुराने भवन का नवीनीकरण किया जाएगा।
-इं. हेमंत कुमार श्रीवास्तव, प्रोजेक्ट मैनेजर