मल्हीपुर (श्रावस्ती)। राप्ती बैराज से सोमवार देर शाम बाइक से वापस घर लक्ष्मनपुर कोठी लौट रहे युवक व किशोर को कुछ लोगों ने पीट दिया।
दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी मल्हीपुर लाया गया, जहां से युवक को बहराइच रेफर कर दिया गया।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मनपुर कोठी के मजरा कोरीपुरवा निवासी जगराम (28) पुत्र कनकटे व जग्गू (14) पुत्र आशाराम सोमवार को थाना क्षेत्र के राप्ती बैराज गया था।
जहां से देर शाम दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। जैसे ही जगराम गांव के निकट प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचा, तभी वहां पहले से मौजूद गांव के ही प्रहलाद, रक्षाराम व राम अवतार ने बाइक के पहिये में लाठी लगाकर उन्हें गिरा दिया।
इसके बाद तीनों ने मिल कर जगराम व जग्गू को लाठियों से पीट दिया। चीख पुकार पर आसपास के लोगों को आता देख तीनों मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया।
जहां से जगराम को जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध केस दर्ज किया है।