संदिग्ध परिस्थितियों में मासूम की मौत, हत्या की आशंका
- पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सिरसिया (श्रावस्ती)। राजगुरु जुड़पनिया गांव में दो वर्षीय मासूम की सोमवार भोर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मामा की मानें तो मासूम की मां व उसके प्रेमी ने गला दबाकर हत्या की है। सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम राजगुरु जुड़पनिया निवासी मूने की पुत्री गुड़िया का विवाह भिनगा नगर के दहाना निवासी मुश्ताक पुत्र पुल्ली बढ़ई से हुआ था। जिससे गुड़िया के पांच बच्चे थे। गुड़िया का प्रेम प्रसंग मायके में ही जुड़पनिया निवासी पप्पू गौतम पुत्र ननके गौतम से था। पप्पू के परिवार में पत्नी, एक पुत्र व एक पुत्री है। एक वर्ष पूर्व गुड़िया पप्पू के साथ भाग गई थी। वह अपने साथ सबसे छोटी बेटी कोयली को ले गई थी। जबकि चार अन्य बच्चे वह ससुराल में छोड़ गई थी। कुछ समय पूर्व गुड़िया व पप्पू मासूम कोयली के साथ गांव लौटे थे। ग्रामीणों की मानें तो गुड़िया व पप्पू दोनों ही मुश्ताक की दो वर्षीय पुत्री कोयली को रास्ते से हटाने के लिए प्रताड़ित करते थे। कुछ दिन पूर्व पप्पू व गुड़िया ने कोयली को पीटा था। हालत बिगड़ने पर उसे भिनगा के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। जहां चिकित्सक के जवाब देने के बाद उसे वापस घर ले जाया गया था। सोमवार भोर कोयली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कोयली के मामा ने गुड़िया व पप्पू पर उसकी गला दबाकर हत्या का आरोप लगाते हुए सिरसिया पुलिस को सूचना दी। इस पर सिरसिया पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक सिरसिया बृजेश कुंवर यादव बताते हैं कि कोयली एक माह से बीमार थी। जिसके कारण उसका शरीर सूखकर काला पड़ गया था। जिससे उसकी मौत हो गई है। फिर भी शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।