दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला
- सोनवा थाने में सुनवाई नहीं होने पर एसपी से लगाई गुहार
श्रावस्ती। शाहपुर अचरौरा गांव में एक विवाहिता को सप्ताह भर पूर्व दहेज के लिए ससुरालीजनों ने पीटकर घर से निकाल दिया। सोनवा थाने में शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर सोमवार को पीड़िता की मां ने एसपी से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
एसपी विजय ढुल को दिए गए शिकायती पत्र में सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम दिकौली निवासी मुबारक अली की पत्नी आशमा बेगम ने कहा है कि उसने अपनी पुत्री गुड़िया उर्फ जैमुलनिशां का निकाह दो वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के शाहपुर अचरौरा निवासी इम्तियाज पुत्र शरीफ से किया था। शादी में अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज भी दिया था। इसके बावजूद गुड़िया पर दहेज में बाइक व भैंस लेकर आने का ससुर शरीफ, सास, ननद ननकई व महरूल द्वारा दबाव बनाया जा रहा था। गुड़िया के असमर्थता जताने पर तीन जून को सास-ससुर व ननदों ने मिलकर उसे जमकर पीटा और फिर सारा सामान छीनकर उसे घर से निकाल दिया। गुड़िया ने कई बार सोनवा थाने में इसकी शिकायत की मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आशमा का कहना है कि, इम्तियाज दूसरी शादी करने की फिराक में है। वह गुड़िया को जबरदस्ती तलाक देने का प्रयास कर रहा है। ऐसे में आशमा ने एसपी से हस्तक्षेप कर गुड़िया को न्याय दिलाने की मांग की है।