श्रावस्ती। वैश्विक महामारी कोरोना के बदलते स्वरूप ओमिक्रॉन का जिले के 46.35 प्रतिशत लोगों पर कोई खास असर नहीं होगा। जिले में 3,62,772 लोगों को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। जबकि करीब 85.33 प्रतिशत लोगों को इसकी पहली खुराक दी जा चुकी है।
वैश्विक महामारी का खतरा अभी टला नहीं है। जिले के सिरसिया विकास क्षेत्र में कोरोना का एक संक्रमित मिलने के बाद लोगों की धड़कने बढ़ गई हैं। हालांकि लापरवाही पूर्व की भांति लगातार जारी है। एक तरफ जहां वाहनों पर क्षमता से अधिक सवारियों को बैठा कर लाया व ले जाया जा रहा है। वहीं लोग सामाजिक दूरी व मास्क जरूरी के नियम की खुलेआम अवहेलना कर रहे हैं। घरों से बाहर निकलने वाले लोग ही नहीं सार्वजनिक स्थलों पर एकत्र होने वाले लोग भी न तो मास्क लगा रहे हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं।
ऐसे में कोरोना के खतरे को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता है। हालांकि इस बीच राहत यह है कि जिले में 3,62,772 लोगों को कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक दी जा चुकी है। जिन्हें जान का कोई खतरा नहीं रहेगा। वहीं अब तक 6,67,795 लोगों को पहली खुराक ही दी जा सकी है। जिन्हें अभी दूसरी खुराक नहीं मिली है। औसतन देखा जाए तो जिले में 85.33 प्रतिशत लोगों को कोरोना की खुराक दिलाई गई है। ऐसे में पहली खुराक लगवा चुके लोग जल्द से जल्द दूसरी खुराक भी लगवा लें। ताकि उन पर वैश्विक महामारी कोरोना के बदलते स्वरूप ओमिक्रॉन का खतरा न रहे।
टीकाकरण की स्थिति
विकास खंड प्रथम डोज द्वितीय डोज
भिनगा 32505 20010
गिलौला 120142 72669
हरिहरपुररानी 121491 61098
इकौना 133478 94247
जमुनहा 134804 62494
सिरसिया 125375 52250
जिन लोगों को कोविड वैक्सीन की प्रथम डोज मिल चुकी है। वह समय पूरा होते ही दूसरी डोज लगवा लें। जिससे उन पर वैश्विक महामारी कोरोना के बदलते स्वरूप ओमिक्रॉन का खतरा न रहे। लोग कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करें। सामाजिक दूरी व मास्क जरूरी की अनदेखी कदापि न करें। -डॉ. मुकेश मातनहेलिया, एसीएमओ/नोडल अधिकारी