श्रावस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। साथ ही चार दिसंबर तक आपत्तियां भी मांगी गई थीं। केंद्र निर्धारण के संबंध में विद्यालयों की ओर से कुल 46 आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। इनमें 31 विद्यालयों ने केंद्र बनाए जाने की मांग की है, जबकि 10 विद्यालयों ने अधिक दूर परीक्षा केंद्र बनाने का हवाला दिया है। वहीं, पांच विद्यालयों ने धारण क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों को केंद्र से संबद्ध किए जाने पर आपत्ति जताई।
डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 11 दिसंबर तक आपत्तियों को निस्तारित करा दिया जाएगा। सरदार पटेल प्रहलाद कुमार बालिका इंटर काॅलेज हरबंशपुर के प्रधानाचार्य ने डीआईओएस से मांग की है कि उनका विद्यालय विगत वर्ष परीक्षा केंद्र होने के बाद भी इस बार इसे परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया। इसी तरह से श्रीराधे कृष्णा इंटर कॉलेज गब्बापुर के प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय का परीक्षा केंद्र 15 किलोमीटर दूर तपसी इंटर काॅलेज को बना दिया गया है। ऐसे में परीक्षार्थियों को समस्या होगी। उन्होंने राजेंद्रदास जनजातीय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाने की मांग की है। इसी तरह से अन्य विद्यालयों ने विभिन्न समस्याओं दूर कराने की मांग की है।