इकौना में आयोजित समाधान दिवस में फरियाद सुनती डीएम व एसपी।
श्रावस्ती। जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 44 शिकायतें आईं और मौके पर मात्र सात मामलों का निस्तारण हो सका। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से शिकायतें निपटाने के सख्त निर्देश दिए।
इकौना तहसील सभागार में आयोजित जिलास्तरीय समाधान दिवस में डीएम और एसपी राहुल भाटी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बहराइच के ग्राम पड़री निवासी पिंटू ने शिकायत की कि इकौना के ग्राम टंडवा महंथ स्थित उनकी भूमि पर लगने वाले कार्तिक मेले में कुछ लोग दुकानदारों से अवैध किराया वसूल रहे हैं।
इकौना के ग्राम नारायणपुर निवासी धर्मराज मिश्र ने फार्मर आईडी में धान का रकबा कम दर्ज होने और फसल बेचने में आ रही दिक्कत को लेकर सुधार व धान बिक्री की गुहार लगाई। डीएम ने दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इकौना तहसील में कुल 18 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर निस्तारण हुआ। इसके अलावा भिनगा में 11 में से दो और जमुनहा में 15 शिकायतों में से दो मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।