श्रावस्ती। केंद्रीय विद्यालय के भवन निर्माण के लिए रविवार को भूमि पूजन किया गया। इसके लिए आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद ने की। समारोह के दौरान स्कूली छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
केंद्रीय विद्यालय का संचालन अभी तक भिनगा स्थित जीजीआईसी भवन में हो रहा है। विद्यालय निर्माण के जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय के सामने भूमि का चयन किया गया था।
यहां पर भवन निर्माण के लिए रविवार को सांसद दद्दन मिश्रा ने शिलान्यास और भूमि पूजन किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्रों ने गायन, एकल नृत्य, समूह नृत्य सहित कई कार्यक्रम किए।
सांसद ने कहा कि यह केंद्रीय विद्यालय जिले के शिक्षा क्षेत्र में अपनी अद्वितीय भूमिका निभाएगा। विद्यालय के पास अपना भवन व अन्य संसाधन नहीं होने के बाद भी यह अपना कार्य निष्ठा के साथ कर रहा है।
इस दौरान भिनगा विधायक मोहम्मद असलम रायनी ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय का भवन जितनी जल्दी बनेगा, उतनी जल्दी इसका लाभ यहां के बच्चों को होगा।
डीएम दीपक मीणा ने कहा कि इस जिले में केंद्रीय विद्यालय जैसे संस्थानों की आवश्यकता है। यहां का शिक्षा स्तर अभी उस मुकाम तक नहीं पहुंच पाया है, जहां अन्य बच्चों से प्रतिस्पर्धा कर सके।
उम्मीद है यह भवन जल्द बनेगा, और यहां के बच्चों को इसका पूर्ण लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त केंद्रीय विद्यालय संघ लखनऊ संभाग अजय पंत, सहायक आयुक्त टीपी गौड़, प्रभारी प्राचार्य बीके मिश्रा सहित काफी संख्या में अभिभावक, छात्र व शिक्षक मौजूद रहे।