श्रावस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की बोर्ड परीक्षा में बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान की परीक्षा कराई गई। इसमें 683 परीक्षार्थियों ने एग्जाम छोड़ दिया।
मंगलवार को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा में 1185 परीक्षार्थी नदारद रहे। इस दौरान कोई भी परीक्षार्थी अनुचित संसाधनों का प्रयोग करते नहीं मिला।
जिले में गठित सचल दल ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों को नकल विहीन परीक्षा कराने के सख्त निर्देश दिए।
माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की बोर्ड परीक्षा में बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान की परीक्षा कराई गई। इसमें पंजीकृत 3729 के सापेक्ष 3046 परीक्षार्थी ही एग्जाम में शामिल हुए।
683 परीक्षार्थियों ने एग्जाम से किनारा किया। वहीं मंगलवार को द्वितीय पाली में आयोजित की गई इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा में पंजीकृत 3689 के सापेक्ष 2924 परीक्षार्थी ही शामिल हुए।
765 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी पॉली में इंटरमीडिएट सामान्य हिंदी में पंजीकृत 4041 के सापेक्ष 3621 परीक्षार्थी ही एग्जाम में शामिल हुए। 420 परीक्षार्थियों ने एग्जाम छोड़ दिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रपाल के नेतृत्व में उड़ाका दल ने जनता इंटर कॉलेज गोपालपुर, चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज, जगत जीत इंटर कॉलेज, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, आचार्य चाणक्य इंटर कॉलेज में छापेमारी की।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ओमकार राणा ने आदर्श इंटर कॉलेज, रघुवर दयाल इंटर कॉलेज तथा वित्त एवं लेखाधिकारी हसीब असगर के उड़ाका दल ने ओम मानस इंटर कॉलेज, सियाराम मेवाराम पटवारी इंटर कॉलेज व लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में छापेमारी की।
इस दौरान कहीं कोई भी परीक्षार्थी अनुचित संसाधनों का प्रयोग करते नहीं मिला। उड़ाका दल में शामिल अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को नकल विहीन परीक्षा कराने का निर्देश दिया।