संयुक्त सचिव ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
श्रावस्ती। भारत सरकार के संयुक्त सचिव ने रविवार को हरिहरपुररानी ब्लॉक के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय सिसवा तथा पांडेपुरवा का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास व शौचालय भी देखा। साथ ही ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याओं से रूबरू हुए।
उच्च प्राथमिक विद्यालय सिसवा के निरीक्षण में संयुक्त सचिव नीतीश्वर कुमार ने शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए कक्षा सात के बच्चों से पुस्तक पढ़वाई।
कुछ बच्चे ही पुस्तक पढ़ सके। इस पर उन्होंने सहायक शिक्षिका महरूम निशा से कारण पूछा। जिसका वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सकीं। इस पर उन्होंने बीएसए को बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने को कहा।
साथ ही नामांकन के लिए आए बच्चों को स्कूल बैग देकर अधिक से अधिक नामांकन कराने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं।
प्राप्त शिकायतों को एक सप्ताह में निस्तारित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सिसवा निवासिनी लाजवंती का प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास देखा। जिसका निर्माण तो हो रहा था, मगर शौचालय का निर्माण नहीं कराया जा रहा था।
इस पर ग्राम पंचायत अधिकारी को आवास के साथ शौचालय निर्माण कराने का भी निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से उजाला योजना, उज्ज्वला योजना आदि के बारे में भी जानकारी ली गई।
इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय पांडे पुरवा का निरीक्षण किया। जहां सहायक अध्यापिका नीतू सिंह से बच्चों की कम उपस्थिति के बारे में पूछा गया।
इस पर शिक्षिका ने बताया कि आमवस्या मेला के कारण बच्चे नहीं आए हैं। स्मार्ट क्लास में बच्चों के शिक्षा स्तर की जांच की गई। इस दौरान बच्चों ने गणित के सवाल का संतोषजनक उत्तर दिया।
परिसर में ही आजीविका मिशन के अंतर्गत राधा एवं खुशी महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार की जा रही सेनेटरी नैपकीन का उन्होेंने उत्पादन केंद्र भी देखा।
इस दौरान उनके साथ सीडीओ अवनीश राय, एसडीएम भिनगा चंद्रमोहन गर्ग, जॉइंट मजिस्ट्रेट शिपू गिरि, डीडीओ विनय कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।