श्रावस्ती। दिव्यांग बच्चों के चिह्नांकन व सत्यापन के लिए सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र गिलौला पर एलिम्को मेजरमेंट शिविर लगाया गया। इसमें सहायक उपकरण के लिए क्षेत्र के 291 दिव्यांग चिह्नित किए गए।
शिविर में मौजूद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बीएसए अजय कुमार ने बताया कि ईश्वर ने दिव्यांगजनों को अनेक गुणों से परिपूर्ण किया है, बस उन्हें प्रतिभा प्रदर्शन के लिए उपयुक्त मंच की जरूरत है। दिव्यांगजन समाज का वंचित वर्ग है और कोई कार्य संपादित नहीं कर सकते, ये हमारा भ्रम है। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा में समाहित किए जाने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
जिला समन्वयक अजीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि दिव्यांग बच्चों का दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए जाने के लिए सभी ब्लॉकों में मेडिकल एसेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। 11 अक्तूबर को हरिहरपुररानी में और सोमवार को गिलौला में कैंप लगाया गया है।
इसमें ट्राईसाइकिल के लिए 84, व्हील चेयर के लिए 73, बैसाखी के लिए 89, ब्रेल किट के लिए 22, लो विजन किट के लिए 17, व्हाॅइट केन के लिए 16, हियरिंग एड के लिए 78 व टीएलएम किट के लिए 62 ने आवेदन किया था।
सत्यापन के बाद 291 बच्चों को आवश्यक उपकरण के लिए चिह्नित किया गया है, इन्हें दिसंबर में उपकरण वितरित किए जाएंगे। इस दौरान विनोद कुमार, सत्यप्रकाश, प्रतिभा सिंह, सुजीत सिंह, कृष्ण मणि पांडेय, उमाशंकर, प्रदीप व बलवंत आदि मौजूद रहे।